रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी (सम्मानपुर) गांव में सोमवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा हो गया। जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम करीब 1000 पुलिसकर्मियों के साथ बुलडोजर लेकर गांव पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। इस दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई, जबकि कुछ युवकों ने बुलडोजर पर पथराव भी कर दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने रविवार देर रात से ही पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। देर रात बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर इलाके की घेराबंदी कर दी गई थी। इससे पहले शुक्रवार रात राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने वार्ड क्रमांक 16 और 17 के 70 से अधिक मकानों पर बेदखली नोटिस चस्पा किए थे, जिसके बाद से ग्रामीणों में आक्रोश था।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे जैसे ही बुलडोजर ने कार्रवाई शुरू की, ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। अपने घरों को टूटता देख कई महिलाएं और बुजुर्ग बुलडोजर के सामने बैठ गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, जिसके दौरान धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई।

विरोध के बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने रायपुर-आरंग मुख्य मार्ग के पास चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब कुछ युवकों ने बुलडोजर पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाल लिया।
फिलहाल प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए कार्रवाई पूरी की जाएगी।
