Chhattisgarh

सिंगापुर दौरे से लौटे CM साय, छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव; बोले- सभी MOU धरातल पर उतारेंगे

सिंगापुर दौरे से लौटे CM साय, छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव; बोले- सभी MOU धरातल पर उतारेंगे

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के चार दिवसीय दौरे के बाद मंगलवार को छत्तीसगढ़ लौट आए। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने दौरे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि सिंगापुर में आयोजित Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए कुल ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत और निवेशकों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने निवेशकों को प्रदेश में आने और विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार की संभावनाएं तलाशने के लिए आमंत्रित किया। साय के मुताबिक, इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

एनर्जी सेक्टर में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव

दौरे के दौरान सबसे बड़ा प्रस्ताव Energy Capital Global की ओर से आया। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में ₹41,750 करोड़ के निवेश से 100 मेगावाट का AI-ready data centre campus विकसित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज और संबंधित क्षेत्रों में भी निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

राज्य को एग्री और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में करीब ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव भी मिला है। वहीं स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में सिंगापुर की ITE Education Services के साथ MoU किया गया है।

निवेश को जमीन पर उतारने का दावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार निवेश प्रस्तावों और समझौतों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखना चाहती। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावों की जांच-परख के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और इनका लाभ प्रदेश की जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम पर भी बोले CM साय

मुख्यमंत्री ने भाजपा के ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ‘सेवा ज्योति’ भी शामिल है। प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे जिला मुख्यालयों में सुना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था और सेवा के क्षेत्र में शुरू किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *