नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ FIR दर्ज की है। आकाशवाणी भवन की शिकायत के आधार पर संसद मार्ग थाने में यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में राहुल और प्रियंका के अलावा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं।
दरअसल, 6 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे को लेकर संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला था। पुलिस ने आकाशवाणी भवन के पास बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया, जिसके बाद विपक्षी नेताओं ने वहीं विरोध शुरू कर दिया।
आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पार कर आकाशवाणी भवन के प्रवेश द्वार की ओर चले गए। वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण रही। बाद में राहुल गांधी परिसर के अंदर चले गए। कुछ समय बाद प्रियंका गांधी भी वहां पहुंचीं और दोनों नेताओं ने परिसर में एक पेड़ के नीचे धरना शुरू कर दिया।
राहुल और प्रियंका समेत कई विपक्षी नेता करीब आठ घंटे तक वहां धरने पर बैठे रहे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें वहां से हटने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। देर शाम पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अन्य नेताओं के साथ न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप पहुंचाया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
आकाशवाणी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
प्रदर्शन खत्म होने के बाद आकाशवाणी भवन की ओर से संसद मार्ग थाने में शिकायत दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने बिना अनुमति परिसर में प्रवेश किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस ने कहा- FIR से पीछे नहीं हटेंगे
राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके साथ सांसद भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहीं जबरन नहीं घुसे और कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ FIR दर्ज होने से कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
