National

राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका, 3 महीने की जेल; 7.35 करोड़ रुपये का जुर्माना भी बरकरार

राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका, 3 महीने की जेल; 7.35 करोड़ रुपये का जुर्माना भी बरकरार

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में बड़ा कानूनी झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सात अलग-अलग चेक बाउंस मामलों में उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए तीन महीने की जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने 7.35 करोड़ रुपये के जुर्माने के निचली अदालत के आदेश को भी कायम रखा है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी।

सात मामलों में सजा, लेकिन कुल तीन महीने ही रहना होगा जेल

दिल्ली हाईकोर्ट ने सातों मामलों में अलग-अलग तीन-तीन महीने की सजा सुनाई है। हालांकि, अदालत ने सभी सजाओं को एक साथ (Concurrent) चलाने का आदेश दिया है। ऐसे में राजपाल यादव को कुल तीन महीने की ही जेल काटनी होगी।

कोर्ट ने क्यों नहीं दी राहत?

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने कहा कि राजपाल यादव को अदालत में दिए गए अपने अंडरटेकिंग का पालन करने के लिए कई अवसर दिए गए थे, लेकिन उन्होंने बार-बार मौका मिलने के बावजूद शर्तों का पालन नहीं किया। अदालत ने माना कि ऐसे में निचली अदालत का फैसला सही है और उसमें हस्तक्षेप की कोई आवश्यकता नहीं है।

7.35 करोड़ रुपये का जुर्माना भी रहेगा लागू

हाईकोर्ट ने प्रत्येक मामले में 1.05 करोड़ रुपये के जुर्माने को भी बरकरार रखा है। इस तरह सात मामलों में कुल जुर्माना 7.35 करोड़ रुपये बनता है। अदालत के आदेश के मुताबिक, प्रत्येक मामले में 1 करोड़ 4 लाख 75 हजार रुपये शिकायतकर्ता को और 25 हजार रुपये राज्य को दिए जाएंगे।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण से जुड़ा है। फिल्म के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता ली थी। अभिनेता का दावा था कि यह रकम लोन नहीं बल्कि निवेश (Investment) थी। भुगतान समय पर नहीं होने के कारण विवाद बढ़ा और बकाया राशि करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा और चेक बाउंस के सात केस दर्ज हुए।

इसी मामले में राजपाल यादव ने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर भी किया था।

जेल से बाहर आने के बाद दिया था बड़ा बयान

जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने दावा किया था कि उनके पास ब्रांडिंग और फिल्म प्रोजेक्ट्स से 1200 करोड़ रुपये तक का काम है। उन्होंने खुद को “चलती-फिरती चेकबुक” बताते हुए कहा था कि कई लोगों की आजीविका उनके काम से जुड़ी हुई है। हाल के समय में वह ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए हैं।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *