मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। धमकी भरा ईमेल बॉम्बे हाईकोर्ट को भेजा गया है। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले के अलावा बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और वर्ली रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस अलर्ट
जानकारी के मुताबिक, ईमेल में मुंबई की कई महत्वपूर्ण जगहों पर बम धमाके करने की चेतावनी दी गई है। इसमें अमिताभ बच्चन का बंगला ‘जलसा’, बॉम्बे हाईकोर्ट, BSE और वर्ली रेसकोर्स शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी मिल चुकी है धमकी
हाल के दिनों में बॉलीवुड से जुड़ी हस्तियों को धमकी मिलने के मामले भी सामने आए हैं। अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकी दी गई थी। आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर बताया गया था। वहीं, तुषार कपूर को मिली धमकी के मामले में भी पुलिस ने जांच की थी।
पहले भी बॉम्बे हाईकोर्ट को मिली थी धमकी
बॉम्बे हाईकोर्ट को इससे पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। सितंबर 2025 में धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाई गई थी और तलाशी अभियान चलाया गया था। हालांकि, उस दौरान जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
फिलहाल ताजा धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। अधिकारी ईमेल की सत्यता और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटे हैं।
