कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF कैंप पर हुए आतंकी हमले के बाद घाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में लश्कर-ए-तैयबा की भूमिका की आशंका जताई गई थी। वहीं, अब ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ नाम के एक नए संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
हालांकि, संगठन की वास्तविक पहचान और हमले में उसकी भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
नए संगठन ने जारी की धमकी
हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले संगठन ने एक धमकी भरा नोटिस भी जारी किया है। इसमें हिंदुत्व शासन और RSS के खिलाफ आने वाले दिनों में बड़े हमलों की चेतावनी दी गई है। संगठन ने अपने बयान में हिंसक गतिविधियां जारी रखने की बात कही है।
कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियों के संदर्भ में ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ का नाम पहली बार सामने आने की बात कही जा रही है। संगठन के प्रवक्ता के तौर पर मोहम्मद उमर अज्जम का नाम बताया गया है। हालांकि, इसकी पुष्टि भी जांच का विषय है।
AK-47 से लैस दो आतंकियों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, कुलगाम जिले के अखरान इलाके में दोपहर के समय AK-47 से लैस दो आतंकियों ने CRPF कैंप को निशाना बनाया। गोलीबारी करने के बाद दोनों हमलावर जंगल की ओर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
कई सुरक्षा एजेंसियां चला रहीं संयुक्त तलाशी अभियान
फरार आतंकियों की तलाश में BSF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि लश्कर का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी इस हमले में शामिल हो सकता है। घटना के बाद कटरा, जम्मू, कुलगाम और किश्तवाड़ समेत कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
