बोस्टन। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनलिस्ट तय हो गया है। फ्रांस ने क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी बार विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। जिलेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल किया, जबकि दूसरा गोल उस्मान डेम्बेले ने दागा। फ्रांस ने एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी ताकत साबित करते हुए खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।
पहले हाफ में गोल नहीं, लेकिन फ्रांस का रहा दबदबा
मोरक्को ने भले ही गेंद पर अधिक नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन पूरे पहले हाफ में फ्रांस ने लगातार आक्रामक फुटबॉल खेली। मुकाबले के शुरुआती मिनटों से ही एम्बाप्पे ने गोल करने की कोशिशें शुरू कर दी थीं, लेकिन मोरक्को के गोलकीपर यासीन बुनू ने कई शानदार बचाव किए।
26वें मिनट में फ्रांस को पेनल्टी मिली, जब बॉक्स के अंदर एम्बाप्पे को गिरा दिया गया। हालांकि बुनू ने बेहतरीन डाइव लगाकर एम्बाप्पे की पेनल्टी रोक दी। पहले 45 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ और स्कोर 0-0 रहा।
दूसरे हाफ में एम्बाप्पे और डेम्बेले ने दिलाई जीत
ब्रेक के बाद फ्रांस ने खेल की रफ्तार और तेज कर दी। 60वें मिनट में कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने शानदार गोल कर फ्रांस को बढ़त दिलाई। इसके सिर्फ छह मिनट बाद 66वें मिनट में उस्मान डेम्बेले ने दूसरा गोल दागकर मुकाबला लगभग फ्रांस की झोली में डाल दिया।
मोरक्को वापसी नहीं कर सका और 2-0 से मुकाबला हार गया। इस हार के साथ उसका विश्व कप अभियान समाप्त हो गया, जबकि फ्रांस ने लगातार तीसरी बार अंतिम चार में जगह बना ली।
अब सेमीफाइनल में होगी बड़ी टक्कर
सेमीफाइनल में फ्रांस का मुकाबला स्पेन और बेल्जियम के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। फ्रांसीसी टीम लगातार तीसरे विश्व कप में फाइनल तक पहुंचने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।
मेसी के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे एम्बाप्पे
कप्तान किलियन एम्बाप्पे शानदार फॉर्म में हैं। इस गोल के साथ उन्होंने विश्व कप में अपने गोलों की संख्या 20 तक पहुंचा दी है। अब वह लियोनेल मेसी के विश्व कप रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं। मेसी के नाम विश्व कप में 31 मैचों में 21 गोल दर्ज हैं। वहीं, नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड भी एम्बाप्पे से एक गोल पीछे हैं।
