रायपुर। अल नीनो के प्रभाव के चलते इस वर्ष कमजोर मानसून की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खेती-किसानी की योजना बनाएं, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।
जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग पहले ही कमजोर मानसून की संभावना जता चुका है। सरकार भी लगातार किसानों को जागरूक कर रही है कि वे बारिश की स्थिति के अनुरूप फसल और खेती की रणनीति तय करें।
AI मिशन पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि इस वर्ष के बजट में शामिल पांच प्रमुख मिशनों में AI मिशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दायरा लगातार बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में इसके प्रभावी उपयोग को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
चरण पादुका योजना पर भी दिया जवाब
चरण पादुका योजना के टेंडर पर हाईकोर्ट की रोक को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था, लेकिन उनकी सरकार ने इसे फिर से शुरू किया है और आगे भी हर वर्ष इसका लाभ पात्र हितग्राहियों को दिया जाएगा।
IIM में होगा तीन दिवसीय चिंतन शिविर
मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 और 5 जुलाई को IIM रायपुर में आयोजित होने वाला चिंतन शिविर सरकार का तीसरा वार्षिक आयोजन होगा। इस दौरान सुशासन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे चिंतन शिविर सरकार के कामकाज को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सक्ती दौरे में वे भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
