रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्योत्सव के अंतिम दिन 5 नवंबर को नवा रायपुर में भव्य एयर शो का आयोजन होगा। वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team) सेंध तालाब के ऊपर आसमान में अद्भुत हवाई करतब दिखाएगी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो चरणों में आयोजित होगा।
शो की शुरुआत वायुसेना के लड़ाकू हेलीकॉप्टरों द्वारा रोमांचक फ्लाइंग डेमो से होगी। इसके बाद जवान लगभग 8,000 फीट की ऊंचाई से पैराशूट जंप करेंगे। इस मौके पर एयरोबेटिक टीम के नौ विमान और दो हेलीकॉप्टर आकाश में समन्वित उड़ान भरेंगे। आयोजन स्थल पर एक लाख दर्शकों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
4 और 5 नवंबर को फ्लाइटें हो सकती हैं डिले
एयर शो की तैयारी और रिहर्सल के चलते 4 और 5 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच आधा दर्जन से अधिक उड़ानें विलंबित हो सकती हैं। एयरफोर्स की तकनीकी टीम ने 2 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। बताया गया कि शो में शामिल होने वाले विमान यहीं से उड़ान भरेंगे।
चार नवंबर को रिहर्सल आम जनता भी देख सकेगी
4 नवंबर को सूर्यकिरण टीम रिहर्सल करेगी, जिसे आम नागरिक भी सेंध तालाब क्षेत्र से लाइव देख सकेंगे। प्रशासन के अनुसार, वायुसेना के पायलट अपने शानदार करतबों से दर्शकों में रोमांच, गर्व और देशभक्ति का उत्साह भर देंगे।
वीवीआईपी, वीआईपी और आम नागरिकों के लिए अलग रूट मैप
एयर शो में आने वाले दर्शकों के लिए प्रशासन ने तीन अलग-अलग रूट तय किए हैं —
- वीवीआईपी रूट: जैनम तिराहा – विमानतल तिराहा – सत्य साईं हॉस्पिटल से होते हुए सेंध जलाशय तक।
- वीआईपी रूट: माना विमानतल – सेरीखेड़ी ओवरब्रिज – स्टेडियम तिराहा – कोटराभाठा कबीर चौक – सेक्टर 12, 9, 4 होते हुए सेंध जलाशय। पार्किंग स्टेडियम के आसपास।
- आम नागरिकों के लिए: सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से सेक्टर 12, 9, 4 होकर अविनाश उपवन मैदान पार्किंग तक।
अभनपुर, मंदिर हसौद व आरंग की ओर से आने वालों के लिए क्रमशः मॉटफोर्ट स्कूल, नवागांव स्टेडियम टर्निंग और कोसा मैदान में पार्किंग व्यवस्था की गई है।
