बिलासपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी से जुड़े आदेशों पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही CJM और ADJ अदालतों की ओर से जारी गिरफ्तारी संबंधी आदेशों पर भी स्टे लगा दिया गया है।
यह मामला आनंदमल कुकरेजा को विदेशी नंबर से WhatsApp पर भेजे गए धमकी भरे संदेशों से जुड़ा है। आरोप है कि संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इस मामले में रायपुर के तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज की गई थी।
निचली अदालतों के आदेश को हाईकोर्ट में दी थी चुनौती
जानकारी के मुताबिक, रिमांड कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने शोएब ढेबर की रिहाई को चुनौती दी थी। इसके बाद CJM और ADJ अदालतों ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे।
शोएब ढेबर ने इन आदेशों को हाईकोर्ट में चुनौती दी। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दोनों निचली अदालतों के गिरफ्तारी संबंधी आदेशों पर रोक लगा दी। इस फैसले से उन्हें फिलहाल बड़ी कानूनी राहत मिली है।
विदेशी नंबर से मांगी गई थी 25 करोड़ की फिरौती
मामले के अनुसार, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश आए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
संदेशों में आनंदमल कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच में पांच आईफोन किए गए थे जब्त
मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उनके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।
इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया था। बाद में पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था। निचली अदालतों से अनुमति मिलने के बाद शोएब ढेबर की तलाश की जा रही थी। अब हाईकोर्ट के आदेश से गिरफ्तारी संबंधी कार्रवाई पर रोक लग गई है।
