Chhattisgarh

रायपुर में आक्रोश रैली से ट्रैफिक प्रभावित: दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर दबाव, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर में आक्रोश रैली से ट्रैफिक प्रभावित: दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर दबाव, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को प्रस्तावित आक्रोश रैली के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। भाजपा द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के विरोध में आयोजित इस रैली को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।


इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकलेगी रैली, कई मार्ग प्रभावित

रैली की शुरुआत बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से होगी, जो गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक और महिला थाना चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम तक पहुंचेगी। इस दौरान बूढ़ेश्वर चौक से लेकर सुभाष स्टेडियम तक के मार्गों पर यातायात बाधित रहने की आशंका है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक इन मार्गों पर विशेष दबाव रहेगा, जिससे आम लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।


इन प्रमुख चौक-चौराहों पर रहेगा असर

एडवाइजरी के अनुसार, बूढ़ेश्वर चौक, गणेश मंदिर तिराहा, श्याम टॉकीज क्षेत्र, सदर बाजार, महिला थाना चौक, कोतवाली चौक, बंजारी चौक, कालीबाड़ी चौक और आकाशवाणी चौक से नलघर चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा।

इन इलाकों में भीड़ अधिक रहने की संभावना है, इसलिए वाहन चालकों को इन मार्गों से बचने की सलाह दी गई है।


वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों को सुझाव दिया है कि वे बूढ़ेश्वर चौक से कैलाशपुरी ढाल होते हुए पुलिस लाइन गेट और नेहरू नगर की ओर जाने वाले मार्ग का उपयोग करें। इसके अलावा कालीबाड़ी क्षेत्र से महिला थाना चौक, काली माता तिराहा और अंबेडकर चौक होकर भी आवाजाही की जा सकती है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही इन मार्गों पर निकलें और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *