राजनांदगांव। Rajnandgaon Police ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सोमनी में पदस्थ दो प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मी थाना परिसर स्थित बैरक में शराब सेवन करते पाए गए थे, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma ने सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और भूपेंद्र कोचे 25 मई 2026 की रात करीब 10 बजे थाना सोमनी परिसर की बैरक में शराब पार्टी करते पाए गए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभागीय कार्रवाई की गई।
तत्काल प्रभाव से निलंबन
आदेश के तहत दोनों प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि निलंबन अवधि के दौरान वे बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
विभाग में मचा हड़कंप
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार पुलिस लाइन और थाना परिसरों में अनुशासन को लेकर पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद बैरक में शराब सेवन का मामला सामने आने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है। अधिकारियों का साफ संदेश है कि ड्यूटी और विभागीय अनुशासन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
