Sports

IPL स्टार शशांक सिंह और रिटायर्ड IPS पिता पर FIR: कुक ने लगाए मारपीट के आरोप, क्रिकेटर बोले- ‘यह साजिश, जांच में सच सामने आएगा’

IPL स्टार शशांक सिंह और रिटायर्ड IPS पिता पर FIR: कुक ने लगाए मारपीट के आरोप, क्रिकेटर बोले- ‘यह साजिश, जांच में सच सामने आएगा’

भोपाल। आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र का है, जहां खाना बनाने वाले कर्मचारी विपेन्द्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शशांक सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश करार दिया है।

कुक ने लगाए मारपीट और धमकी के आरोप

शिकायतकर्ता विपेन्द्र सिंह के मुताबिक, उन्हें एक परिचित के माध्यम से 15 हजार रुपये मासिक वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पूर्व आईपीएस अधिकारी के बंगले पर काम के लिए बुलाया गया था। उनका आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद खाने की गुणवत्ता को लेकर उनके साथ गाली-गलौज की गई, मारपीट की गई और धमकाया गया।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर रातीबड़ पुलिस ने शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शशांक सिंह ने आरोपों को बताया झूठा

एफआईआर दर्ज होने के बाद शशांक सिंह ने सामने आकर सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति को ठीक से खाना बनाना नहीं आता था, इसलिए उसे काम छोड़ने के लिए कहा गया था।

शशांक के अनुसार, जाने से पहले वह घर के अंदर के वीडियो बना रहा था। जब उसे ऐसा करने से रोका गया तो उसने 20 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि घर से निकलने के समय उसके शरीर पर किसी तरह की चोट नहीं थी और बाद में चोट के निशान कैसे आए, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

‘वीडियो और चैट पुलिस को सौंपे’

शशांक सिंह ने दावा किया कि उनके पास ऐसे वीडियो और चैट मौजूद हैं, जिनसे उनका पक्ष मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ये सामग्री मीडिया और पुलिस को उपलब्ध करा दी है। क्रिकेटर का कहना है कि उन्हें संदेह है कि पूरे मामले के पीछे कोई साजिश हो सकती है।

उन्होंने कहा, “मैंने अपनी पहचान क्रिकेट के मैदान पर बनाई है। जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।”

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *