Chhattisgarh

NTA सुधारों के लिए बनी हाई पावर्ड टास्क फोर्स पर CM साय ने जताया भरोसा, बोले- युवाओं के हित में केंद्र का बड़ा कदम

NTA सुधारों के लिए बनी हाई पावर्ड टास्क फोर्स पर CM साय ने जताया भरोसा, बोले- युवाओं के हित में केंद्र का बड़ा कदम

रायपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा हाई पावर्ड टास्क फोर्स के गठन का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।

‘युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है केंद्र सरकार’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

PM मोदी ने किया था टास्क फोर्स गठन का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई को घोषणा की थी कि NTA की परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए एक मल्टीडिसिप्लिनरी हाई पावर्ड टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसकी अध्यक्षता देश के प्रख्यात टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणि करेंगे।

इस समिति में इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ, आईबी के पूर्व निदेशक तपन डेका, IIT मद्रास के निदेशक वी. कामकोटी, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता करवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीणा समेत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं।

परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से बनाया जाएगा मजबूत

टास्क फोर्स का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में तकनीकी और संरचनात्मक सुधारों के सुझाव देना, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि समिति की सिफारिशों के आधार पर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और भरोसे को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

जिला पंचायत CEO सम्मेलन पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आयोजित जिला पंचायत सीईओ की दो दिवसीय बैठक का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस बैठक में ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि पूर्व आईएएस एवं भारत सरकार के पूर्व सचिव अमरजीत सिन्हा और पद्मश्री पोपट राव पवार ने अधिकारियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, दोनों विशेषज्ञों का अनुभव ग्रामीण विकास योजनाओं को और प्रभावी बनाने में उपयोगी साबित होगा।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *