रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज रात 9 बजे से निकाली जाएगी। झांकी में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। झांकी रूट के साथ शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी। पार्किंग से लेकर ट्रैफिक और सुरक्षा तक के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह पहली गणेश झांकी होगी।
सुबह से ही प्रशासन ने बड़े वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की तैयारी शुरू कर दी है। शाम 6 बजे से पारंपरिक झांकी रूट पर खुलने वाली सड़कों को बैरिकेड कर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
तीन लेयर की सुरक्षा, 2000 जवानों की तैनाती
गणेश झांकी के दौरान सुरक्षा के लिए तीन लेयर का सिक्योरिटी प्लान तैयार किया गया है। करीब 2000 पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू होगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए हैं। झांकी रूट पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए भी नजर रखी जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए एसीसीयू क्राइम ब्रांच की 20 टीमें तैनात रहेंगी।
शाम 4 बजे से शराब दुकानें रहेंगी बंद
झांकी के दौरान नशे में हुल्लड़ और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के साथ बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी संबंधित शराब दुकानों को आज शाम 4 बजे से सील किया जाएगा। रायपुर कमिश्नर की ओर से पत्र लिखे जाने के बाद कलेक्टर ने यह निर्णय लिया है और आबकारी विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है।
शारदा चौक से शुरू होगी झांकी
गणेश झांकी की शुरुआत रात 9 बजे शारदा चौक से होगी। इसके बाद झांकी का कारवां जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीतालाब रोड, पुरानी बस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए रायपुरा महादेवघाट की ओर बढ़ेगा।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे झांकी रूट को 6 सुरक्षा जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी प्रभारी के रूप में तैनात रहेंगे। वहीं प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी गई है।
सदरबाजार में धीमी आवाज में बजेगा साउंड सिस्टम
झांकी के दौरान सदरबाजार क्षेत्र में साउंड सिस्टम को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। नगर निगम के निरीक्षण में 10 जर्जर मकानों को चिह्नित कर नोटिस देने के बाद सील किया गया है। इन मकानों की छतों पर लोग न चढ़ें, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
सदरबाजार में साउंड सिस्टम धीमी आवाज में चलाने के निर्देश दिए गए हैं। शोर के स्तर की निगरानी के लिए साउंड मीटर मशीन भी लगाई जाएगी। 50 डेसिबल से अधिक ध्वनि पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इन जगहों पर रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
झांकी देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब क्षेत्र से आने वाले लोग शहीद स्मारक भवन के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।
- कटोरा तालाब और टिकरापारा क्षेत्र के लिए गांधी मैदान के पास पार्किंग रहेगी।
- मठपारा और पुरानी बस्ती क्षेत्र के श्रद्धालु इंडोर स्टेडियम के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।
- विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले लोग ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट में वाहन पार्क कर सकेंगे।
ट्रैफिक डायवर्जन के बीच इन रास्तों से जारी रहेगा आवागमन
झांकी के दौरान मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा, लेकिन कुछ वैकल्पिक रास्तों से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
तेलीबांधा-शास्त्री चौक से जीई रोड होते हुए टाटीबंध जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर जा सकेंगे।
इसके अलावा वाहन चालक फाफाडीह चौक से स्टेशन रोड, चौबे कॉलोनी और समता कॉलोनी होते हुए भी आवागमन कर सकेंगे। खमतराई-फाफाडीह की ओर से आने-जाने वाले वाहन रिंग रोड-2 का इस्तेमाल कर सकेंगे।
वहीं धमतरी रोड और पचपेढ़ी नाका से रेलवे स्टेशन या मेकाहारा की ओर जाने वाले वाहन चालक कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक और मरही माता चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
