रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम के दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। हादसे में उन्हें कमर और पैर में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक से टकराई कार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पीएसओ भी थे कार में, परिवार दूसरी गाड़ी में था सवार
हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी उसी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
रायपुर लाने की तैयारी, चालक भी घायल
सूत्रों के अनुसार, किरण सिंह देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। हादसे में उनका चालक भी घायल हुआ है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, खबर लिखे जाने तक इस घटना को लेकर प्रशासन या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
