बीजापुर। भोपालपट्टनम विकासखंड के रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और बैड टच के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य को पद से हटा दिया है। जांच प्रभावित न हो, इसके लिए प्राचार्य का प्रभार वाइस प्राचार्य को सौंपा गया है।
मामले में कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की जा चुकी है। आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद कलेक्टर और एसपी को जांच के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
सात छात्राओं ने कलेक्टर से की थी शिकायत
एकलव्य विद्यालय में कथित छेड़छाड़ के मामले में सात छात्राओं ने एक साथ बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए।
रविवार को मामले की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंची। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को मामले में जल्द कार्रवाई करने और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शने के निर्देश दिए।
शिक्षक के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने भी मामले में कार्रवाई करते हुए शिकायत के आधार पर भोपालपट्टनम थाने में आरोपी शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम, 2012 की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है। वहीं, प्राचार्य की भूमिका और पूर्व में की गई शिकायतों को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी। जांच के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
