Chhattisgarh

फर्जी ई-चालान लिंक से साइबर ठगी: रायपुर में युवक के खाते से 7.42 लाख रुपए पार

फर्जी ई-चालान लिंक से साइबर ठगी: रायपुर में युवक के खाते से 7.42 लाख रुपए पार

रायपुर। राजधानी में साइबर ठगों ने ई-चालान के नाम पर ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक युवक को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। फर्जी ई-चालान लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल का एक्सेस हैकर्स के पास चला गया और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से 7 लाख 42 हजार रुपए से अधिक की रकम निकाल ली गई।


एपीके फाइल डाउनलोड करते ही हुआ मोबाइल हैक

मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा थाना क्षेत्र निवासी पवित्र पाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बेटे रोहित के मोबाइल पर 10 से 16 अप्रैल के बीच आरटीओ ई-चालान के नाम से एक फाइल भेजी गई थी।

जैसे ही उक्त फाइल (एपीके) डाउनलोड की गई, मोबाइल का नियंत्रण साइबर ठगों के पास पहुंच गया। इसके तुरंत बाद ठगों ने बैंक खाते से 7,42,209 रुपए ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम निकलने के मैसेज मिलने पर युवक को ठगी का अहसास हुआ।


साइबर सेल को सौंपी गई जांच

मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित साइबर गिरोह का काम हो सकता है, जो फर्जी लिंक के जरिए लोगों को निशाना बना रहा है।


पुलिस की अपील: अनजान लिंक से रहें सतर्क

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक, पीडीएफ या एपीके फाइल को डाउनलोड या ओपन न करें। ई-चालान से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी एप के माध्यम से ही जांचें।

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव माना जा रहा है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *