नई दिल्ली। पाँच साल की देरी के बाद देश में आज से जनगणना-2027 की शुरुआत हो गई है। इतिहास में पहली बार यह जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में की जा रही है। गणना कर्मियों को मोबाइल ऐप पर जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है।
जनगणना का पहला चरण हाउस लिस्टिंग आज से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण—जनसंख्या गणना—फरवरी 2027 में किया जाएगा।
इस बार कई बड़े बदलाव किए गए हैं—
- लिव-इन कपल, यदि अपना रिश्ता स्थायी बताते हैं, तो जनगणना में उन्हें विवाहित जोड़ा माना जाएगा।
- 1931 के बाद पहली बार जाति का डेटा भी इकट्ठा किया जाएगा।
- हर मकान को जियो-रेफरेंसिंग तकनीक से डिजिटल मैप पर दर्ज किया जाएगा।
हाउस लिस्टिंग: मकानों की गिनती ऐसे होगी
गणना अधिकारी सबसे पहले भवन नंबर और जनगणना मकान नंबर दर्ज करेंगे। इसके बाद वे घर के—
- फर्श, दीवार और छत की सामग्री
- मकान का उपयोग और स्थिति
- परिवार के मुखिया की जानकारी
- परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की संख्या
- मालिकाना हक (अपना/किराए का)
जैसी मुख्य जानकारियाँ जुटाएंगे।
जानिए कौन-कौन से सवाल पूछे जाएंगे
- घर की बनावट – फर्श, दीवार, छत किस सामग्री की है?
- परिवार का मुखिया – नाम, लिंग और SC/ST/अन्य समुदाय संबंधी जानकारी।
- सुविधाएं – घर में पानी, बिजली, शौचालय, इंटरनेट जैसी सुविधाएं।
- वाहन – साइकिल, स्कूटर, बाइक, कार आदि का विवरण।
- मुख्य अनाज – परिवार कौन सा अनाज मुख्य रूप से खाता है?
- शादीशुदा जोड़े – घर में कितने विवाहित युगल निवास करते हैं? (यही पर लिव-इन जोड़े शामिल होंगे)
- मकान की स्थिति – भवन नंबर, घर की श्रेणी, मालिकाना हक आदि।
ये तीन सवाल आएँ तो जवाब देने की ज़रूरत नहीं
जनगणना के दौरान कर्मचारी निम्न तीन चीजों के बारे में पूछने का अधिकार नहीं रखते—
- आय: आपकी कमाई, व्यवसाय, बैंक बैलेंस आदि
- दस्तावेज़: आधार, पैन या कोई भी पहचान पत्र दिखाने की मांग
- बैंक जानकारी: खाता नंबर, पासवर्ड, OTP, ATM पिन आदि
कोई अधिकारी ऐसा पूछे तो आप साफ़ मना कर सकते हैं।
कुछ खास निर्देश और दिलचस्प नियम
- लिव-इन कपल: लंबे समय से साथ रह रहे जोड़े को ‘विवाहित’ माना जाएगा।
- रेडियो: मोबाइल में FM है तो ‘रेडियो’ माना जाएगा।
- टीवी: मोबाइल पर YouTube देखने को ‘टीवी’ नहीं माना जाएगा—टीवी सेट होना जरूरी।
- वाहन: ट्रैक्टर ‘कार/जीप’ में नहीं आएगा, ई-रिक्शा न तो कार है न बाइक।
- पानी: घर में नल है लेकिन आप बोतल/कैन का पानी मंगाते हैं, तो डेटा में ‘बॉटल्ड वाटर’।
- किचन: कमरे के अंदर बिस्तर और चूल्हा साथ हो तो इसे ‘रसोई’ नहीं माना जाएगा, रसोई तभी दर्ज होगी जब वह अलग कमरा हो।
