Chhattisgarh

रायपुरवासियों को बड़ी राहत: रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाना पड़ेगा कलेक्टोरेट का चक्कर, शहर में खुलेंगे नए सब-रजिस्ट्री कार्यालय

रायपुरवासियों को बड़ी राहत: रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाना पड़ेगा कलेक्टोरेट का चक्कर, शहर में खुलेंगे नए सब-रजिस्ट्री कार्यालय

रायपुर।
राजधानी रायपुर के लाखों नागरिकों को संपत्ति पंजीयन को लेकर बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब जमीन, मकान, प्लॉट या अन्य संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए लोगों को कलेक्टोरेट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन ने बढ़ती भीड़ और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नए सब-रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है।

शासन की योजना के अनुसार रायपुर के सड्डू, वीआईपी रोड स्थित बेबीलोन, धरसींवा, बीरगांव, टाटीबंध और कमल विहार क्षेत्रों में नए पंजीयन कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इससे शहर के चारों दिशाओं में रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होगी।


हाईटेक होंगे सड्डू और बेबीलोन के कार्यालय

सड्डू और बेबीलोन क्षेत्र में बनने वाले सब-रजिस्ट्री कार्यालयों को नया रायपुर की तर्ज पर हाईटेक बनाया जाएगा। इन कार्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना को अगले कुछ महीनों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। प्रत्येक नए पंजीयन कार्यालय में एक-एक सब रजिस्ट्रार की पदस्थापना की जाएगी।


कलेक्टोरेट में भी बन रहा नया पंजीयन भवन

वहीं कलेक्टोरेट परिसर में भी 9.16 करोड़ रुपये की लागत से नए पंजीयन कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस नई इमारत में तीन डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार और आठ सब रजिस्ट्रार बैठेंगे। शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यालय खुलने से कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय पर दबाव कम होगा।


भीड़ और अव्यवस्था से मिलेगी राहत

वर्तमान में कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय में रोजाना भारी भीड़ उमड़ती है। यहां पांच सब रजिस्ट्रार पदस्थ हैं और एक रजिस्ट्रार प्रतिदिन औसतन 40 रजिस्ट्री करता है, जिससे रोजाना 200 से अधिक रजिस्ट्री होती हैं।
भीड़ के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आने वाले लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। कार्यालय में बैठने की सीमित व्यवस्था होने के चलते लोगों को गर्मी, बारिश में बाहर या आसपास के दफ्तरों में इंतजार करना पड़ता है।


नई इमारत पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में

पंजीयन कार्यालय में पहले लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे खराब हो चुके हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था कमजोर हो गई थी। अब नई पंजीयन इमारत में हर कक्ष और पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके।


नए सब-रजिस्ट्री कार्यालय खुलने के बाद रायपुरवासियों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी, जिससे समय, मेहनत और परेशानी तीनों से राहत मिलेगी।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *