रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दीपक रात्रे की मौत, भूपेंद्र का अस्पताल में इलाज जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे, पिता उमाशंकर रात्रे, की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं 28 वर्षीय भूपेंद्र, पिता दशरथ, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
LG मनोज सिन्हा ने जताया शोक, दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि कुलगाम में हुए इस कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की जान जाना बेहद दुखद है।
उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने डीजीपी नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत की तथा सुरक्षा बलों को आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज करने और उन्हें जल्द से जल्द ढेर करने के निर्देश दिए हैं।
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। आतंकियों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि हमले के जिम्मेदार लोगों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है प्रशासन
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने घायल मजदूर के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
