रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास गर्ग और उनके परिवार के स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली संस्थाओं की 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियां जब्त कर ली हैं। ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की है।
जब्त की गई संपत्तियों में आवासीय भवन, जमीन, इक्विटी शेयर, सिक्योरिटीज़ और अन्य निवेश शामिल हैं। ईडी के अनुसार, ये संपत्तियां कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज से अर्जित अवैध धन से खरीदी गई थीं।
कई राज्यों की FIR के आधार पर शुरू हुई जांच
ईडी ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग सहित आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों की पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी। इन मामलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालकों, प्रमोटरों और सहयोगियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए गए हैं।
हर महीने 450 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई का दावा
जांच में सामने आया कि यह ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट विदेश से संचालित फ्रेंचाइज़ी आधारित पैनल नेटवर्क के जरिए काम कर रहा था और अवैध सट्टेबाजी से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई कर रहा था।
ईडी के मुताबिक, इस अवैध कमाई को शेल कंपनियों, फर्जी लेन-देन (Accommodation Entries) और जटिल वित्तीय नेटवर्क के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की गई। जांच में यह भी सामने आया कि करीब 940.77 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित राशि को विकास गर्ग से जुड़ी संस्थाओं तक पहुंचाया गया और बाद में उसका इस्तेमाल शेयर, सिक्योरिटीज़ और अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया।
अब तक 3,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच
ईडी ने बताया कि इस मामले में इससे पहले सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। साथ ही विशेष PMLA कोर्ट, रायपुर में अभियोजन शिकायतें और पूरक शिकायतें भी दाखिल की गई हैं, जिनका अदालत ने संज्ञान ले लिया है।
इस कार्रवाई से पहले भी महादेव सट्टा एप मामले में करीब 2,825 करोड़ रुपये की चल-अचल और विदेशी संपत्तियां जब्त की जा चुकी थीं। ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में अब तक कुल लगभग 3,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।
ईडी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
