कोंडागांव। जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। नामांतरण प्रकरण में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद ACB ने ट्रैप बिछाया और आरोपी को तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते हुए दबोच लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि पिता और बुआ का नाम नामांतरण रिकॉर्ड में दर्ज कराने के एवज में रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार और 20 हजार रुपये, यानी कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब वह तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये देने पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए ACB अधिकारियों ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई और मौके पर आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई थी। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन विवेचना के दौरान यदि किसी और की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
