रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली दोहरी हत्या की वारदात सामने आई है। विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। दोहरी हत्या के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।
पारिवारिक विवाद बना वजह, बेटी पर चरित्र शंका करता था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू का अपनी पत्नी लता साहू और सौतेली बेटी चित्रा (22) के साथ आए दिन विवाद होता था। चार साल पहले हुई दूसरी शादी के बाद से ही परिवार में तनाव बना हुआ था।
चित्रा का स्थानीय युवक से मिलना-जुलना गुलाब को नागवार लगता था। इसी बात को लेकर कई बार घर में झगड़ा हुआ। मंगलवार सुबह भी कहासुनी बढ़ी और गुलाब साहू ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली।
पहले बेटी पर हमला, बचाने आई पत्नी को भी मार डाला
जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले चित्रा पर ताबड़तोड़ वार किए। बेटी को बचाने दौड़ी लता साहू पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को अंजाम देने के बाद गुलाब साहू सीधे विधानसभा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने खुद को सरेंडर कर दिया।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और वारदात से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
सेमरिया गांव में घटना के बाद दहशत और सन्नाटा फैल गया है।
