जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जगदलपुर के लाल बाग मैदान में आयोजित ‘बस्तर पंडुम’ के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और कला की भव्य झलक देखने को मिली।
शुभारंभ से पूर्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह 10.55 बजे से 11.10 बजे तक बस्तर पंडुम में लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने यहां प्रदर्शित जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गहरी रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनजातीय समाज के लोग भी उपस्थित रहे, जिससे उत्सव का माहौल बना रहा।

‘बस्तर पंडुम’ के माध्यम से बस्तर अंचल की लोक कला, नृत्य, संगीत, खान-पान और पारंपरिक जीवनशैली को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। यह आयोजन जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
