Chhattisgarh

पैसों की बारिश का वीडियो बनाकर ठगी: 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा, तांत्रिक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

पैसों की बारिश का वीडियो बनाकर ठगी: 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा, तांत्रिक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चमत्कार के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कथित तांत्रिक ने “पैसों की बारिश” का नाटक रचकर 2.50 लाख रुपये को 2.50 करोड़ में बदलने का झांसा दिया और रकम लेकर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने इस पूरे मामले में तांत्रिक सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पैसों की बारिश का नाटक, वीडियो से बनाया भरोसा

जानकारी के मुताबिक, आरोपी विजय कुमार राज खुद को तांत्रिक बताता था। उसने बिल्हा क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में एक सरपंच पति के घर विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया। अनुष्ठान के दौरान पैसों की गड्डियों के सामने नारियल, अगरबत्ती और पूजा सामग्री रखी गई। इसी दौरान वीडियो में ऊपर से नोटों की बारिश होती दिखाई गई, जिससे लोगों को यह विश्वास दिलाया गया कि तांत्रिक के पास धन बढ़ाने की कथित शक्ति है।

झांसे में आए युवक, दे दिए ढाई लाख

इस वीडियो के जरिए कोरिया जिले के चार युवकों को करोड़पति बनाने का सपना दिखाया गया। 30 जनवरी को उन्हें बिल्हा बुलाया गया, जहां आरोपियों ने अनुष्ठान कर ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए। कुछ समय बाद जब युवकों को ठगी का अहसास हुआ तो वे अपने पैसे वापस मांगने तांत्रिक के पास पहुंचे, लेकिन आरोपी पहले ही फरार होने की फिराक में थे।

हाईवे पर फिल्मी अंदाज में धरपकड़

31 जनवरी की देर रात तांत्रिक विजय कुमार राज कार से ठगी की रकम लेकर निकल रहा था। रतनपुर क्षेत्र में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने गाड़ी रोकी, तभी पीड़ित युवक वहां पहुंच गए। बीच सड़क पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान पीड़ित युवकों ने तांत्रिक की कार, तीन मोबाइल फोन और करीब 8 हजार रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए।

दोनों मामलों में कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि ठगी और लूट—दोनों घटनाओं को मिलाकर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कथित तांत्रिक विजय कुमार राज (48), सरपंच पति रिखीराम नवरंग समेत 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। महिलाएं लोगों को झांसे में लाने और ठगी की योजना में अहम भूमिका निभाती थीं।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के तांत्रिक, चमत्कार और पैसों को दोगुना-तिगुना करने के झांसे में न आएं। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *