रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण (SIR) की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो रही है। इस बीच, भाजपा संगठन ने इसकी रणनीति को लेकर बुधवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश विशेष रूप से शामिल होंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, भाजपा के विधायक, सांसद और जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे। बैठक में पार्टी नेताओं को SIR की प्रक्रिया, नियमों और जनता से जुड़ी जानकारी दी जाएगी ताकि कार्यकर्ता मतदाता सूची संशोधन कार्य में सक्रिय सहयोग कर सकें।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि कांग्रेस SIR को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में भाजपा संगठन जनता को सही जानकारी देने और कांग्रेस के दावों का तथ्यात्मक जवाब देने की रणनीति पर काम करेगा।
उन्होंने कहा कि देश के करीब एक दर्जन राज्यों में SIR की प्रक्रिया चल रही है और चुनाव आयोग इस पर विशेष ध्यान दे रहा है। भाजपा का राष्ट्रीय संगठन चाहता है कि जनता को इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा मिले।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश 5 नवंबर की सुबह दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे और भाजपा पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसमें प्रदेश स्तर पर पार्टी के अभियान की रूपरेखा तय की जाएगी।
