नई दिल्ली। दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एक संदिग्ध यात्री को पकड़ लिया। बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान एक्स-रे मशीन की स्क्रीन पर संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद यात्री ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे स्टेशन के एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया।
बैग की जांच में दिखी संदिग्ध वस्तु
जानकारी के मुताबिक, बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम (XBIS) की स्क्रीन पर एक घनी वस्तु दिखाई दी। इसके बाद यात्री भागने लगा। हालांकि, सतर्क CISF जवानों ने तुरंत उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
अंडरगारमेंट के सिले हिस्से में मिला पदार्थ
CISF के अनुसार, यात्री के सामान की आगे जांच करने पर उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में अज्ञात अर्धठोस पदार्थ छिपा मिला। यात्री ने खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय (NRI) बताया है।
दिल्ली पुलिस कर रही मामले की जांच
CISF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यात्री को उसके सामान के साथ आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल बरामद पदार्थ की प्रकृति और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
