Breaking News

दुर्ग में डॉक्टर के घर एक करोड़ की चोरी का खुलासा, फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए थे नकदी और जेवर; 9 गिरफ्तार

दुर्ग में डॉक्टर के घर एक करोड़ की चोरी का खुलासा, फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए थे नकदी और जेवर; 9 गिरफ्तार

दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

परिवार के बाहर जाने पर दिया चोरी को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को घर लौटने पर उन्हें आलमारी से नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और राहुल बंसोड़ पर संदेह के आधार पर तलाश तेज की।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम ने गोंदिया और नागपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक दबिश दी। उत्तर प्रदेश में पुलिस ने प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए गए। आरोपियों ने चोरी का सामान घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा रखा था।

ज्वेलर्स ने भट्टी में गलाए सोने के आभूषण

पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए कुछ आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचे गए थे। एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, ज्वेलर्स ने कुछ सोने के आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका मूल स्वरूप बदलने की कोशिश की थी।

वहीं, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड XUV कार खरीदी थी। आरोपी प्रदीप ने सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदने के अलावा घर के निर्माण और अन्य खर्चों में भी चोरी की रकम लगाई।

भिलाई में पुलिस की घेराबंदी देख फरार हुआ मुख्य आरोपी

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब राहुल बंसोड़ चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही वह सुपेला चौक के पास अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों को इनोवा वाहन से चोरी का सामान लेकर निकलने के लिए कहा।

पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। इनोवा वाहन की तलाशी में नकदी और आभूषण बरामद हुए।

चोरी का माल छिपाने और मदद करने वालों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स, माल छिपाने में मदद करने वाले परिजनों और फरार आरोपी को वाहन व अन्य सहायता उपलब्ध कराने वाले सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी की शेष संपत्ति और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *