रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार खेलों को नई ऊंचाई देने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। खेल मंत्री अरुण साव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।
जल्द शुरू होगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग
खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही राज्य को तीरंदाजी (आर्चरी) के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
67 करोड़ की लागत से बनेगी नेशनल आर्चरी अकादमी
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3 में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग को 13.47 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है। अकादमी निर्माण के लिए एनटीपीसी, एनआरएएनवीपी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता भी किया गया है।
जशपुर में भी बनेगी आधुनिक आर्चरी अकादमी
खेल मंत्री ने बताया कि जशपुर जिले में भी लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आर्चरी अकादमी का निर्माण कार्य जारी है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर 208 करोड़ से ज्यादा का निवेश
नवा रायपुर के सेक्टर-28 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो चरणों में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है।
जशपुर और रायगढ़ में बनेंगे इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
सरकार ने कुनकुरी (जशपुर) में 64 करोड़ रुपये तथा रायगढ़ में 92 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर आगे की प्रक्रिया जारी है।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से उभर रही नई प्रतिभाएं
अरुण साव ने बताया कि बस्तर ओलंपिक के दो सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। वर्ष 2024 में 1.65 लाख और 2025 में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इन प्रतियोगिताओं से 31 खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में चिन्हित किया गया।
वहीं सरगुजा ओलंपिक 2026 में 3.49 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 14 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को यूथ आइकन चुना गया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी
खेल मंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी छत्तीसगढ़ ने सफलतापूर्वक की। रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 3000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते।
पदक विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि भी तय की है।
- स्वर्ण पदक: ₹2 लाख
- रजत पदक: ₹1.50 लाख
- कांस्य पदक: ₹1 लाख
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
अरुण साव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, फीडर सेंटर, खिलाड़ियों के कल्याण और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण जैसी योजनाओं पर काम किया जाएगा।
1143 खिलाड़ियों को मिला खेल सम्मान
उन्होंने बताया कि सरकार ने वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक लंबित राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित कर 1143 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों को पुरस्कार, नगद राशि और खेलवृत्ति प्रदान की गई।
