रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ में प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी कर्मवीर को सौंपी गई है। वहीं, अजय जामवाल और पवन साय के प्रभार में बदलाव किया गया है। अजय जामवाल को महाराष्ट्र और पवन साय को झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।
अजय जामवाल और पवन साय को नई जिम्मेदारी
अजय जामवाल छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें महाराष्ट्र में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लंबे समय से छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



कर्मवीर का संगठन में लंबा अनुभव
छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में संघ के प्रचारक जीवन की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली से की थी।
उन्होंने तहसील प्रचारक और नगर प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी और अलीगढ़ महानगर प्रचारक तथा मथुरा जिला प्रचारक के रूप में भी कार्य किया।
कई जिलों और प्रांतों में संभाली जिम्मेदारी
कर्मवीर उत्तर प्रदेश के एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग में विभाग प्रचारक भी रहे। वर्ष 2015 में उन्हें मेरठ प्रांत यानी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सह प्रांत प्रचारक बनाया गया। इसके बाद 2019 में उन्होंने ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
वर्ष 2020 से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य किया। इसके बाद अगस्त 2022 से वे झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है।
