नई दिल्ली/चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। अन्नामलाई के इस फैसले ने तमिलनाडु की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीतिक गलियारों में भी नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
भाजपा मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अन्नामलाई अब भाजपा के प्राथमिक सदस्य नहीं रहे।
कई दिनों से चल रही थीं अटकलें
पिछले कुछ समय से अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं। बताया जा रहा है कि पार्टी संगठन में उनकी भूमिका सीमित होने के बाद उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से कई दौर की चर्चा भी की थी। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात भी हुई थी।
हालांकि तमाम कयासों के बीच अन्नामलाई ने भाजपा से अलग होने का फैसला लेकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तमिलनाडु में भाजपा के विस्तार अभियान के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे अन्नामलाई का जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
IPS से राजनीति तक का सफर
पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने वर्ष 2020 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। राजनीति में आने के कुछ ही महीनों के भीतर उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और आक्रामक शैली से पार्टी नेतृत्व का विश्वास जीत लिया। महज 10 महीने के भीतर उन्हें तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया।
2021 के विधानसभा चुनाव में भले ही अन्नामलाई खुद जीत हासिल नहीं कर सके, लेकिन उनके नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में चार सीटें जीतकर दो दशक बाद विधानसभा में वापसी की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी का वोट शेयर उल्लेखनीय रूप से बढ़ा।
पोस्टरों ने बढ़ाई थीं चर्चाएं
अन्नामलाई के इस्तीफे से पहले उनके समर्थकों द्वारा मदुरै समेत कई इलाकों में लगाए गए पोस्टर भी चर्चा का विषय बने थे। इन पोस्टरों में उन्हें सुपरस्टार रजनीकांत और अभिनेता अजित कुमार के साथ दिखाया गया था। पोस्टरों के सामने आने के बाद से ही उनके नए राजनीतिक कदमों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था।
आगे क्या होगा?
फिलहाल के. अन्नामलाई ने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की है। हालांकि उनके इस्तीफे के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अन्नामलाई अपनी नई राजनीतिक पारी किस मंच से शुरू करते हैं।
