National

नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया, बोले- ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी’

नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया, बोले- ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून 2026 को उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस मौके पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है, जिसमें उन्होंने जनसेवा, सुशासन और जनविश्वास को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।” उन्होंने संस्कृत श्लोक के जरिए भी प्रजापालन और सुशासन के महत्व को रेखांकित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल क्रांति, नवाचार और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती पहचान इन प्रयासों का परिणाम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ती रहेगी।

4399 दिन पूरे कर रचा इतिहास

नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 10 जून 2026 को उनके लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिन पूरे हो गए। इसके साथ ही उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

नेहरू स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री थे और उन्होंने लंबे समय तक देश का नेतृत्व किया था। अब मोदी लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले नेता बन गए हैं।

आज होगी NDA की अहम बैठक

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज दोपहर 3 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए संसदीय दल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी सभी नेताओं को संबोधित करेंगे। साथ ही ‘विकसित भारत-2047’ के रोडमैप, केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, विकास परियोजनाओं, ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर एनडीए की ओर से बधाई प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *