रायपुर। ब्लड कैंसर से जूझ रही रायगढ़ जिले की तीन वर्षीय काव्या पटेल की मदद के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री ने एम्स रायपुर के चिकित्सकों को बच्ची का बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को भी निर्देशित किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के पिता को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी एम्स के चिकित्सकों से चर्चा कर बच्ची के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली है।
एम्स में वेंटिलेटर सपोर्ट पर है काव्या
रायगढ़ जिले की रहने वाली तीन वर्षीय काव्या पटेल एक्यूट माइलॉइड ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) से पीड़ित है। उसे 15 नवंबर को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सक निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत बच्ची का उपचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और काव्या के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों से ली जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 18 नवंबर को एम्स रायपुर के चिकित्सकों से बातचीत कर काव्या की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से बच्ची को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उसकी सेहत पर लगातार नजर रखने को कहा।
24 घंटे तैनात रहेगा पैरामेडिकल स्टाफ
काव्या की देखभाल में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के मुताबिक, बच्ची की देखभाल के लिए अतिरिक्त पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
एम्स के चिकित्सकों के साथ समन्वय बनाकर उपचार और देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी काव्या के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
