रायपुर। बच्चों की संगत और उनकी गतिविधियों पर नजर रखना अभिभावकों के लिए बेहद जरूरी है। रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से सामने आया मामला इसी ओर इशारा करता है। आरोप है कि एक पति-पत्नी ने नाबालिग बच्ची को डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल कर उसके घर से सोने-चांदी के जेवर और नगदी मंगवाई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची को डराकर जेवर और पैसे मंगवाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, अशोक नगर में 11 वर्षीय नाबालिग अपनी मामी के साथ रहती है। उसके घर के पास ही वंदना साहू और उसका पति दीपक साहू रहते हैं।
आरोप है कि दोनों ने नाबालिग को अपने झांसे में लेकर उसे डराया-धमकाया और दबाव बनाया। इसके बाद बच्ची से उसके घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी मंगवाए गए।
शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर को बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे निकालकर वंदना साहू को दे आई थी। आरोप है कि इसके अलावा भी बच्ची पर दबाव बनाकर उससे नकदी रकम मंगवाई गई।
अन्य बच्चों को भी डराने-धमकाने का आरोप
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों द्वारा मोहल्ले के अन्य बच्चों को भी डराने-धमकाने और उनसे पैसे तथा जेवरात मंगवाने की कोशिश की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 308(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार
नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर दीपमाला कश्यप ने एडीसीपी आदित्य पाण्डेय समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार और नाबालिग से पूछताछ की। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर वंदना साहू और दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया गया।
सोने के टॉप्स और चेन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया है।
फिलहाल दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी है।
