रायपुर। राजधानी में एक महिला अधिकारी के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना जेल रोड से पेंशनबाड़ा के बीच चल रहे ई-रिक्शा में हुई। महिला अधिकारी ने घटना के तीन दिन बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारिश के चलते ई-रिक्शा में सवार हुई थीं अधिकारी
पीड़िता की पहचान मंजूलता साहू के रूप में हुई है, जो जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी की रहने वाली हैं और राज्य परिवहन कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत के मुताबिक, 18 अगस्त की सुबह करीब 10:15 बजे मंजूलता साहू दोपहिया वाहन से पेंशनबाड़ा स्थित बोर्ड ऑफिस जा रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर उन्होंने रास्ते में ई-रिक्शा लिया।
ई-रिक्शा में भीड़ बढ़ने के बाद गायब हुई चेन
ई-रिक्शा खालसा स्कूल होते हुए आंबेडकर चौक पहुंचा, जहां करीब छह महिलाएं उसमें सवार हुईं। जगह कम होने के कारण ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी।
इसके बाद मंजूलता साहू पेंशनबाड़ा में हमर क्लिनिक के पास ई-रिक्शा से उतर गईं। नीचे उतरने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर ध्यान दिया तो सोने की चेन गायब मिली।
महिला अधिकारी ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस अब चेन चोरी की इस वारदात की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान के लिए ई-रिक्शा के रूट और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा सकती है।
इसके अलावा पुलिस ई-रिक्शा चालक और घटना के समय उसमें सवार अन्य महिलाओं की पहचान करने का भी प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात में शामिल आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
