दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई एक बार फिर तेज होती दिख रही है। ताजा घटनाक्रम में ईडी की टीम ने भाजपा नेता और अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के दुर्ग स्थित महेश कॉलोनी निवास पर छापेमारी की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में की जा रही है।
सुबह-सुबह पहुंची टीम, दस्तावेजों की जांच जारी
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम सुबह ही राठी के ठिकाने पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम द्वारा घर और संबंधित परिसरों में मौजूद दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने फिलहाल मामले को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य कारोबार से जुड़े हैं राठी
चतुर्भुज राठी एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी अमर इंफ्रा के संचालक हैं। कंपनी निर्माण और इंफ्रा प्रोजेक्ट्स में सक्रिय रही है और हाल के वर्षों में इसके कारोबार के विस्तार की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जाता है कि उन्होंने अमर बिल्डर्स की स्थापना 1986 में एकल स्वामित्व के रूप में की थी, जिसे बाद में विस्तार देते हुए बड़े प्रोजेक्ट्स तक पहुंचाया गया।
भारतमाला परियोजना से जुड़ी कड़ियां खंगाल रही एजेंसी
जांच एजेंसी इस छापेमारी के जरिए भारतमाला परियोजना से जुड़े संभावित वित्तीय लेन-देन और अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है। इस परियोजना के तहत देशभर में सड़कों और हाईवे नेटवर्क के विस्तार का काम किया जा रहा है, ऐसे में इससे जुड़े मामलों पर केंद्रीय एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।
आगे और खुलासों की संभावना
सूत्रों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद आगे और खुलासे हो सकते हैं। ईडी की इस कार्रवाई को प्रदेश में चल रही आर्थिक अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
