Chhattisgarh

रायपुर में दर्दनाक हादसा: रामकृष्ण अस्पताल के सेप्टिक टैंक में उतरे 3 मजदूरों की मौत, परिजनों का हंगामा

रायपुर में दर्दनाक हादसा: रामकृष्ण अस्पताल के सेप्टिक टैंक में उतरे 3 मजदूरों की मौत, परिजनों का हंगामा

रायपुर। Raipur के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। सेप्टिक (सीवरेज) टैंक की सफाई के दौरान अंदर उतरे तीन मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

जहरीली गैस बनी मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के सीवरेज टैंक की सफाई के लिए तीनों मजदूरों को अंदर उतारा गया था। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण एक-एक कर तीनों की हालत बिगड़ती गई और उनकी मौत हो गई।

परिजनों का हंगामा, पुलिस से झूमाझटकी

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल गेट पर हंगामा किया और इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी हुई। माहौल देर तक तनावपूर्ण बना रहा।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया। गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन मास्क और अन्य जरूरी सुरक्षा साधनों का इस्तेमाल नहीं किया गया, जिससे यह हादसा हुआ।

कार्रवाई की मांग, जांच शुरू

घटना के बाद परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, जो सिमरन सिटी के निवासी बताए जा रहे हैं।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *