रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न होली मिलन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4 बजे रायपुर प्रेस क्लब के होली मिलन समारोह में पहुंचेंगे। इसके बाद वे शाम 5 बजे धरसींवा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम 6 बजे मुख्यमंत्री शंकर नगर स्थित होली मिलन समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम 7 बजे वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
राज्यसभा चुनाव: नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की रिक्त दो सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन अब तक न तो भारतीय जनता पार्टी और न ही कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। दोनों ही दलों द्वारा अभी तक नामांकन फार्म भी नहीं खरीदे गए हैं।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है। ऐसे में 2 और 3 मार्च का समय बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि 4 मार्च को होली का त्यौहार है। भले ही नामांकन 5 मार्च को किया जाए, लेकिन उससे पहले प्रस्तावक और समर्थकों से जुड़ी औपचारिकताओं के लिए प्रत्याशी की घोषणा अनिवार्य होगी।
नियमों के मुताबिक, नामांकन पत्र के साथ कम से कम 10 प्रस्तावकों और 10 समर्थकों के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दल अपने-अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
