Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, स्कूल शिक्षा विभाग जल्द जारी करेगा विज्ञापन

छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, स्कूल शिक्षा विभाग जल्द जारी करेगा विज्ञापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। विभाग ने भर्ती से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा।

व्यापम कराएगा भर्ती परीक्षा

शासन ने इस भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यापम को परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज व्यापम को सौंप दिए गए हैं। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी।

फरवरी 2026 से शुरू होगी प्रक्रिया

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद यह भर्ती प्रक्रिया फरवरी 2026 से शुरू किए जाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य राज्य के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर करना है। आने वाले दिनों में भर्ती से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइंस भी जारी की जाएंगी।

हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

इस भर्ती अभियान के तहत व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल किए जा रहे हैं। इससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। विभाग का मानना है कि इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

सीधी भर्ती 2023 प्रक्रिया पूरी

गौरतलब है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा से पृथक किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *