मुंबई। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना में मुंबई पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने हरियाणा से मुख्य शूटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस केस में अब तक कुल 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई मुंबई पुलिस और हरियाणा एसटीएफ की बहादुरगढ़ यूनिट के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई। खुफिया इनपुट के आधार पर चलाए गए इस अभियान में चारों आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनकी पहचान रितिक यादव (निवासी बहाबीजौली, आगरा), दीपक (निवासी सेक्टर-45 सादरपुर, नोएडा), सनी (निवासी बहाबीजौली, आगरा) और सोनू (निवासी बहाबीजौली, आगरा) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि इनमें से एक आरोपी ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की थी, जबकि बाकी आरोपी उसे लॉजिस्टिक सपोर्ट और फरारी में मदद कर रहे थे।
मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड शुभम लोणकर बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। शुरुआती जांच में उसके तार कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस इस एंगल की गहन जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार कर रही है।
जांच जारी, कई ठिकानों पर छापेमारी
मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग की साजिश के पीछे धमकी, रंगदारी या किसी अन्य आपराधिक उद्देश्य की भूमिका थी या नहीं।
