Janjgir-Champa।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां इकलौते बेटे की मौत के गहरे सदमे में उसके माता-पिता ने आत्महत्या कर ली। एक ही पेड़ से पति-पत्नी के शव लटके मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव का है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव घर के पास पेड़ से फांसी पर लटके देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सड़क हादसे में हुई थी बेटे की मौत
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु से माता-पिता मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद से दोनों गहरे सदमे में थे और अक्सर बेटे को याद कर रोते रहते थे।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण मानसिक आघात और बेटे की मौत का गहरा सदमा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे धरदेई गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था और बेटे की मौत के बाद से दोनों पूरी तरह टूट गए थे। एक ही परिवार से तीन जिंदगियों के चले जाने की इस त्रासदी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
