रायपुर।
वेलेंटाइन डे के मद्देनज़र रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पार्क, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। खास बात यह है कि हर स्थान पर पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून हाथ में लेने वालों, कपल्स को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इन प्रमुख स्थानों पर रहेगी पुलिस की मौजूदगी
यदि आप वेलेंटाइन डे पर अपने पार्टनर के साथ बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपकी सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रहेगी। पिछले वर्ष 24 दिसंबर को क्रिसमस के दौरान मैगनेटो मॉल में हुई घटनाओं को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
शहर के प्रमुख स्थानों में—
ऊर्जा पार्क,
जोरा मॉल,
सिटी सेंटर मॉल,
गांधी उद्यान,
मोतीबाग गार्डन,
कलेक्ट्रेट गार्डन,
निगम गार्डन
और प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
असामाजिक तत्वों पर सख्त रुख
कमिश्नरेट रायपुर में वेलेंटाइन डे को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। दर्जनभर से अधिक संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी संगठन, समूह या व्यक्ति द्वारा युवक-युवतियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य साफ है—शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों, विशेषकर कपल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
