रायपुर।
राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील वीआईपी रोड पर शादी सीजन के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। अब किसी भी होटल या मैरिज पैलेस के बाहर मुख्य सड़क पर बारात निकालने और वाहनों की अवैध पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन होने पर सिर्फ आयोजनकर्ता ही नहीं, बल्कि संबंधित होटल या मैरिज पैलेस संचालक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एयरपोर्ट मार्ग होने से बढ़ती है परेशानी
वीआईपी रोड शहर को एयरपोर्ट से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। शादी-ब्याह के मौसम में बारात, डीजे और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के कारण यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है। कई बार यात्रियों को फ्लाइट छूटने जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पुलिस की इस पहल से आम लोगों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कैंपस के भीतर ही निकालनी होगी बारात
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला ने वीआईपी रोड क्षेत्र में स्थित करीब 30 होटल और मैरिज पैलेस संचालकों के साथ बैठक कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बारात किसी भी हालत में सड़क पर नहीं निकलेगी और पूरी गतिविधि परिसर के अंदर ही सीमित रहेगी।
अवैध पार्किंग पर क्रेन और जुर्माना
बैठक में मौजूद सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सतीश ठाकुर ने बताया कि फरवरी से मई तक वैवाहिक और अन्य आयोजनों के चलते यातायात दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए होटल संचालकों को अपने परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सड़क पर खड़ी गाड़ियों को तुरंत क्रेन से हटाने और भारी जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में लिया गया फैसला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय जनहित और यातायात सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
