कोरबा / कवर्धा।
छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों ने न केवल दो परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि प्रमुख राष्ट्रीय मार्ग पर घंटों यातायात भी बाधित रहा। कोरबा जिले में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कवर्धा जिले के चिल्फी घाट में ट्रक पलटने से लंबा जाम लग गया।
कोरबा में आमने-सामने की भिड़ंत, 2 की मौत

कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाइवे पर गुरुवार देर रात दो तेज रफ्तार कारों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि कारों के एयरबैग खुल जाने से आगे बैठे कुछ यात्रियों की जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से पोड़ी उपरोड़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को रेफर किया गया है।
चिल्फी घाट में ट्रक पलटा, यातायात ठप
वहीं दूसरी ओर कवर्धा जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागमोरी घाट में शुक्रवार को चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। यह मार्ग रायपुर–जबलपुर को जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिससे हादसे के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक जबलपुर से कवर्धा की ओर जा रहा था। घुमावदार घाटी सड़क पर चालक का संतुलन बिगड़ने से ट्रक पलट गया। हादसे के कारण सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, यात्री बसें और मालवाहक गाड़ियां जाम में फंस गईं। मौके पर पहुंची पुलिस यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई है।
