Chhattisgarh

भूपेश बघेल के निवास पहुंचे कवासी लखमा, परिवारजनों से की मुलाकात; सिंहदेव और महंत से भी की भेंट

भूपेश बघेल के निवास पहुंचे कवासी लखमा, परिवारजनों से की मुलाकात; सिंहदेव और महंत से भी की भेंट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री और बस्तर के वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता कवासी लखमा आज रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बघेल के परिवारजनों से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें भूपेश बघेल ने स्वयं सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज रायपुर निवास में परिवार के सदस्यों द्वारा बस्तर के जननेता और आदिवासियों की मुखर आवाज कवासी लखमा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सभी एकजुट हैं। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा— “लड़ेंगे-जीतेंगे।”

टीएस सिंहदेव से भी हुई मुलाकात

भूपेश बघेल से मिलने के बाद कवासी लखमा ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान की तस्वीर सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा कि आज पूर्व मंत्री एवं कोंटा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक कवासी लखमा से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और बस्तर की अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से भी की भेंट

इसके अलावा कवासी लखमा ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से भी मुलाकात की। महंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि आज पूर्व मंत्री एवं कोंटा विधानसभा के जनप्रिय विधायक कवासी लखमा ने निवास पर सौजन्य भेंट की। उन्होंने जमानत मिलने पर बधाई दी और आगामी विधानसभा सत्र की तैयारी को लेकर विधिक सलाह लेकर आगे की रणनीति बनाने की बात कही।

राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल

कवासी लखमा की वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से लगातार हुई मुलाकातों को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बस्तर और आदिवासी मुद्दों को लेकर कांग्रेस की रणनीति तथा आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों के संकेत के रूप में इन बैठकों को देखा जा रहा है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *