धमतरी।
छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी यात्री बस से गांजे की खेप पकड़ी है। बोराई बॉर्डर चेक पोस्ट पर सघन जांच के दौरान पुलिस ने ओडिशा से रायपुर जा रही एक बस से करीब 36 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतर्राज्यीय महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
आधी रात बॉर्डर पर रोकी गई बस
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले की सीमाओं पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 फरवरी 2026 की देर रात करीब 12:30 बजे बोराई पुलिस ने ओडिशा के कोरापुट से रायपुर जा रही ‘नरेश’ ट्रैवल्स की बस (क्रमांक CG-07-E-4433) को जांच के लिए रोका।
3 ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा था गांजा
बस की तलाशी के दौरान लोअर बर्थ नंबर 23 और 24 पर बैठी दो महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब उनके तीन ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो अंदर से 8 अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।
35.783 किलो गांजा, कीमत करीब 18 लाख
पुलिस ने कुल 35 किलो 783 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹17,89,150 बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए तीन ट्रॉली सूटकेस और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
2 महिला अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- रेखा रानी (30 वर्ष), निवासी फरीदकोट, पंजाब
- कोमल चौधरी (29 वर्ष), निवासी नवरंगपुर, ओडिशा (स्थायी पता: मथुरा, उत्तर प्रदेश)
दोनों के खिलाफ बोराई थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
धमतरी पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
