नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को आखिरकार नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। मंगलवार को नितिन नबीन ने बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी और मंच से ऐसा बयान दिया, जिसने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा दिया।
पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, “आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं। अब वे केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी साथियों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।” प्रधानमंत्री के इस कथन पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया को बताया लोकतंत्र का उदाहरण
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भाजपा की संगठनात्मक प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के दौरान बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक की प्रक्रिया भाजपा के संविधान और उसकी लोकतांत्रिक सोच को दर्शाती है।
‘बीजेपी का कार्यकर्ता होना मेरे लिए सबसे बड़ा गर्व’
पीएम मोदी ने कहा कि लोग उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखते हैं, लेकिन उनके जीवन की सबसे बड़ी पहचान आज भी भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता होना है। उन्होंने कहा कि सत्ता, पद और उपलब्धियां अपनी जगह हैं, लेकिन संगठन से जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
नितिन नबीन में युवा ऊर्जा और अनुभव का संगम
प्रधानमंत्री ने नए अध्यक्ष की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि नितिन नबीन उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने रेडियो के दौर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का सफर देखा है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने युवा मोर्चा, संगठन और राज्य प्रभार जैसी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाया है।
आने वाले 25 साल भारत के लिए निर्णायक
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के पहले 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और आने वाले 25 साल विकसित भारत के निर्माण के लिए बेहद अहम होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा इस लक्ष्य को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
परिवारवाद पर फिर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने बिना किसी दल का नाम लिए परिवारवादी राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवारवाद ने राजनीति में नए और योग्य युवाओं के रास्ते बंद कर दिए हैं। इसी कारण उनका लक्ष्य है कि एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाया जाए, जिनके परिवार से कोई पहले राजनीति में नहीं रहा हो।
जनसंघ के 75 वर्ष पूरे होने का भी किया उल्लेख
पीएम मोदी ने जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि पीढ़ियों से कार्यकर्ताओं और परिवारों ने जो त्याग और बलिदान दिए हैं, वही भाजपा की असली पूंजी है।
