रायपुर।
ईडी की कथित कार्रवाई को लेकर चल रही चर्चाओं और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने खुलकर विरोधियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ तरह-तरह की बातें फैलाई जा रही हैं, लेकिन वे राजनीति में लड़ाई लड़ने में पूरी तरह सक्षम हैं। चंद्राकर ने दो टूक शब्दों में कहा कि युद्ध हमेशा आमने-सामने लड़ा जाता है, कमर के नीचे किया गया वार लड़ाई नहीं कहलाता। अब देखना है कि कौन पहले कदम बढ़ाता है।
सोमवार को रायपुर स्थित अपने निवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि राजनीति में आरोप लगाना नई बात नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर नीचे गिरकर किए गए हमलों का जवाब भी उसी मजबूती से दिया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष चयन पर बोले— छत्तीसगढ़ को मिलेगा लाभ
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्राकर ने कहा कि नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन राज्य के नेताओं की कार्यक्षमता और संगठनात्मक क्षमता से भली-भांति परिचित हैं, जिसका फायदा आने वाले समय में दिखेगा।
डीएड-बीएड प्रदर्शन पर सरकार का रुख साफ
डीएड-बीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि यह उनके लिए नया विषय है। सरकार अपनी प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां निकालती है। जब विज्ञापन आता है, तब अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। हर मांग पर सड़क पर उतरना समाधान नहीं है।
‘जी राम जी’ विवाद पर कांग्रेस को खुली चुनौती
‘जी राम जी’ को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर पलटवार करते हुए चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को यदि किसी बात पर आपत्ति है, तो बिंदुवार बहस करे। उन्होंने कहा कि सरकार से बहस करने की हिम्मत नहीं है तो मेरे साथ चर्चा कर लें। फिजूल के आरोपों का जवाब देना जरूरी नहीं होता। समय के साथ कानूनों में बदलाव और सुधार स्वाभाविक प्रक्रिया है।
रोजगार गारंटी योजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना
छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मनरेगा विधेयक में राज्य को अपना नाम जोड़ने का अधिकार दिया गया था। उन्होंने उसी आधार पर छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना का नाम रखा था, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया। चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के नाम से ही आपत्ति है।
महिलाओं के अपराध पर बयान को बताया राजनीतिक नौटंकी
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के लिए ऐसे बयान देती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गुंजन सिंह बेमौसम बरसात की तरह आईं और बयान देकर चली गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस यह भी बताए कि निर्भया कांड के नाम पर कितना फंड आया और उसका उपयोग कैसे हुआ।
बजट जनभावनाओं के अनुरूप होगा
छत्तीसगढ़ के आगामी बजट को लेकर चंद्राकर ने कहा कि राज्य का बजट लगातार बढ़ रहा है और दो लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट पूरी तरह जनभावनाओं के अनुरूप होगा और विकास की दिशा को और मजबूत करेगा।
