रायपुर।
राजधानी रायपुर के टाटीबंद इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक घर में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग के दौरान बुजुर्ग मदद के लिए लगातार चीखते रहे, लेकिन घर पर बाहर से ताला लगे होने के कारण कोई उन्हें बचा नहीं सका।
मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता (70 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वे घर में अकेले थे। उनका बेटा घरेलू सामान लेने बाहर गया हुआ था और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया था। इसी दौरान घर के अंदर आग भड़क उठी।
🏠 चीख-पुकार सुनते रहे पड़ोसी, लेकिन बेबस रहे
आग लगते ही घर से धुआं और लपटें उठने लगीं। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मजबूत ताले के चलते वे असफल रहे। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
🚒 डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग अपना भयावह रूप ले चुकी थी। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। फायर ब्रिगेड की देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
🔍 रूम हीटर से आग लगने की आशंका
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रूम हीटर से शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में रूम हीटर के लापरवाह इस्तेमाल से इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में अतिरिक्त सावधानी बेहद जरूरी है।
